झगड़े में पति ने पत्नी पर चलाया चाकू, घायल महिला थाने पहुंची

भट्टूकलां/मनोज सोनी। धक्का बस्ती में दंपत्ति में हुए आपसी झगड़े में पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पति से अपनी जान बचाने के लिए महिला थाने की तरफ दौड़ पड़ी। करीब एक किलोमीटर दूर तक वह सरे बाजार घायल अवस्था में थाना पहुंची और निढाल होकर बैठ गई। वहीं उसका पति भी पीछे-पीछे थाने पहुंच गया। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और महिला को अग्रोहा भिजवा दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी मिली है कि धक्का बस्ती निवासी बंसीलाल भट्टू में अंडे की रेहड़ी लगाता है। आज उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिस पर उसने महिला को पीटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है विवाद बढऩे पर उसने चाकू उठा लिया और अपनी पत्नी के गले पर चला दिया। जिससे महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। अपने आप को बचाने के लिए वह उसी हालत में थाने के लिए निकल पड़ी। उसके घर से थाने की दूरी एक किलोमीटर है, बावजूद इसके वह थाने पहुंची और वहां जाते ही थाने के गेट पर जाकर बैठ गई। घायल महिला को देख एक बार थाने में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला को भिजवाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी शादी लाल ने बताया कि घरेलू झगड़े के कारण यह घटना हुई है, महिला घायलावस्था में खुद थाने आई थी, पीछे ही उसका पति भी आ गया, जिसे हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *