भाजपा के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने किया जोरदार रोष प्रदर्शन

फतेहाबाद। केंद्र में बीजेपी सरकार द्वारा गांधी परिवार को ईडी के माध्यम से परेशान किये जाने के विरोध में कांग्रेस जिला कमेटी फतेहाबाद द्वारा जोरदार रोष प्रदर्शन किया। स्थानीय लाल बत्ती चौक पर सैंकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट हुए तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस रोष प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला प्रभारी एवं डबवाली के विधायक अमित सिहाग भी विशेष रूप से पहुंचे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित सिहाग ने कहा कि भाजपा सरकार की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। सत्ता के नशे में चूर भाजपा अपने खिलाफ आवाज उठाने वाले को ईडी, सीबीआई, पुलिस का डर दिखाकर चुप करवाने की औच्छी राजनीति कर रही है, लेकिन यह भूल रही है कि सच को ना दबाया जा सकता है और ना ही मिटाया जा सकता है। ईडी के माध्यम से सोनिया गांधी व उनके परिवार को बेवजह परेशान करने की ओच्छी राजनीति जो भाजपा सरकार कर रही है, उसका खामियाजा भाजपा को जरूर भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बीजेपी सरकार की इस नीति के प्रति कड़ा रोष है। यदि भाजपा ने गांधी परिवार को परेशान करना नहीं छोड़ा तो देशभर में कांग्रेस एक बड़ा आन्दोलन कर भाजपा सरकार की जड़े हिलाकर रख देगी। श्री सिहाग ने कहा कि आज प्रदेश में प्रदेश में महाजंगलराज व्याप्त है। विधायकों को धमकी दी जा रही हैं। बीते कुछ दिनों में ही प्रदेश के आधा दर्जन विधायकों को जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। आज ना विधायक सुरक्षित हैं ना ही पुलिस, तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रहेगा। आज जनता की नजरों में यह सरकार विश्वास खो चुकी है। खनन माफिया अपना तांडव कर रहे हैं। यह बेहद ही हैरत की बात है कि डीएसपी की दुखद हत्या के बाद भी प्रदेश में बड़े स्तर पर खनन माफिया सक्रिय हैं। प्रदेश में दुष्कर्म, हत्या डकैती, फिरौती, अपहरण, लूट जैसे संगीन अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। मगर सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई है। सरकार नाम की कोई भी चीज प्रदेश में नजर नहीं आ ही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्रतिशोध की राजनीति का लगातार पर्दाफाश हो रहा है। आसमान छूती महंगाई, बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए सरकार ईडी का इस्तेमाल कर रही है। हमारी नेता कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी जी के साथ पूरा देश एकजुट है। सरकार के इशारे पर ईडी यह काम कर रही है। यह लोकतंत्र का गला घोंटने के साथ-साथ विपक्ष का गला घोंटने की कोशिश है। सरकार की ऐसी हरकतों से कांग्रेस झुकने वाली नहीं है। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रहलाद सिंह गिल्लांखेड़ा, पूर्व कृषिमंत्री स. परमवीर सिंह, पूर्व विधायक स. जरनैल सिंह, पूर्व विधायक बलवान ङ्क्षसह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर जिला कॉर्डिनेटर अरविन्द शर्मा, मुखत्यार सिंह सदर, गोपाल चौधरी, कृष्णा पूनियां, संतलाल जांगू, आनन्दवीर सिंह गिल्लांखेड़ा, रमेश डांगरा, कृपाराम, भीम नारंग, नरेश सोनी, चन्द्रभान पोटलिया, साहबराम, शंटी कुमार, पूनम रत्ती, राजेन्द्र खरेरा, प्रिंस शर्मा, अमित पूनियां, मंगतलालवास आदि मौजूद थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *